वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आगामी त्योहारों दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा अपराध नियंत्रण के लिए थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह ने थाना परिसर में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ गोष्ठी आयोजित की। इसमें सभी ग्राम प्रहरियों को सतर्कता बरतने और गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष ने कहा कि ग्राम प्रहरी अपने-अपने गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं, संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवाद और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचनाओं से तत्काल थाना प्रभारी को अवगत कराएं। त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें।
उन्होंने ग्राम प्रहरियों को रात्रि के समय अपने-अपने गांवों में भ्रमणशील रहने तथा संबंधित बीपीओ (बीट पुलिस अधिकारी) के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण सूचनाएं समय से थाने तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से संभावित घटनाओं को रोकने और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
थानाध्यक्ष ने सभी ग्राम प्रहरियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने पर जोर दिया।

No comments:
Post a Comment