लखनऊ। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), प्रादेशिक कार्यालय लखनऊ में मंगलवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा ली। इस दौरान ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
अलीगंज स्थित केंद्रीय भवन परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी कार्मिकों ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बरतने, कानून के शासन का पालन करने, न रिश्वत लेने और न देने तथा जनहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत मनाया जा रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जनसंचार और लोक प्रशासन में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा सुशासन की आधारशिला हैं। सतर्कता को केवल वार्षिक आयोजन तक सीमित न रखकर दैनिक कार्यप्रणाली और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
अधिकारियों ने कर्मचारियों और आम नागरिकों से केंद्रीय सतर्कता आयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन ई-प्रतिज्ञा लेकर भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों के तहत विभागीय प्रक्रियाओं में निवारक सतर्कता, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सत्यनिष्ठा का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment