बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के केनौना चौकी अंतर्गत केनौना गांव में कथित तौर पर हो रही अवैध कच्ची शराब की बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा दल (निषाद पार्टी) ने आवाज उठाई। जिलाध्यक्ष संगठन संदीप कुमार निषाद के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि केनौना गांव में कथित रूप से सुनियोजित तरीके से अवैध कच्ची शराब की बिक्री की जा रही है। इससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच कराने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संगठन संदीप कुमार निषाद ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार का समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, वहीं छात्रों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि केनौना गांव के लोग शराब के नशे में होने वाले उत्पात से परेशान हैं। ऐसे में प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में रामवृक्ष निषाद, अभिषेक मिश्र, बब्लू राना, कैफिलवरा, प्रवीन चौधरी, संतोष निषाद, सुखदेव निषाद, जगराम निषाद, मनीषा निषाद, रानी निषाद, बाबूराम निषाद, अभयदेव सहित अन्य लोग शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment