गोरखपुर। नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन गोरखपुर पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में रेलवे स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और चेकिंग स्टाफ के साथ संयुक्त रूप से पैदल भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रेलवे ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सामान की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी भ्रामक सूचना पर सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और सिविल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त टिकट घर, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और पूछताछ केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टिकट काउंटरों पर भीड़ का समय रहते आकलन कर वैकल्पिक टिकट काउंटर खोलने के लिए रेलवे से समन्वय बनाने को कहा गया।
स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखते हुए यात्रियों के आवागमन के लिए सुरक्षित मार्ग और निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट बनाने के निर्देश भी दिए गए। बढ़ती भीड़ के मद्देनजर पुलिस बल की ड्यूटी प्रभावी ढंग से लगाने और विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा शस्त्रागार में शस्त्र, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, डंडे और दंगा नियंत्रण उपकरणों को तैयार स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन संख्या 15097 जम्मूतवी-अमरनाथ एक्सप्रेस में सघन चेकिंग भी कराई गई। पुलिस अधीक्षक रेलवे ने जीआरपी थाना प्रभारी को सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment