<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, October 1, 2026

संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, निकाली गई जागरूकता रैली


बस्ती। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान माह का शुभारंभ गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छता और संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को बुखार के समुचित इलाज की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दिमागी बुखार जानलेवा हो सकता है और बीमारी के बाद शारीरिक व मानसिक दिव्यांगता की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। इसलिए बुखार होने पर मरीज को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर बुखार के समुचित इलाज की व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से शौचालय का नियमित प्रयोग करने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही बुखार से पीड़ित बच्चों को तत्काल सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाने के लिए उनके परिजनों को प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को दिमागी बुखार मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एके गुप्ता, एएमओ चंद्र मोहन मल्होत्रा, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दूबे, एसएमआई प्रमोद कुमार, मलेरिया इंस्पेक्टर ज्योति सिंह, अनिल कुमार, फाइलेरिया इंस्पेक्टर अभय वर्मा, विपिन चौधरी, एलटी मनीष सिंह, अब्दुल वारिस सहित विभागीय चिकित्साधिकारी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages