बस्ती। रुधौली के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संजय प्रताप जायसवाल ने बस्ती से डुमरियागंज होते हुए पीलीभीत को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण में देरी और सड़क हादसों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। उन्होंने निर्माणाधीन मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने, हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में पूर्व विधायक ने कहा कि मार्ग पर चौड़ीकरण और निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं, लेकिन निर्माण कार्य में देरी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क पर बिखरी सामग्री, अधूरी खुदाई, बैरिकेडिंग की कमी और रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने जैसी समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
संजय प्रताप जायसवाल ने मांग की कि सड़क निर्माण कार्यों की तकनीकी और प्रशासनिक जांच स्वतंत्र उच्चस्तरीय टीम से कराई जाए। जांच के दायरे में निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, निर्धारित मानकों, टेंडर प्रक्रिया, ठेकेदार की जिम्मेदारी और भुगतान संबंधी अभिलेखों को भी शामिल किया जाए। यदि जांच में लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं होने के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया। साथ ही निर्माणाधीन मार्ग पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रात्रिकालीन प्रकाश और सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराने की मांग की।
पूर्व विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने, दुर्घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

No comments:
Post a Comment