<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, October 19, 2026

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, 75 लोगों से पूछताछ


बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महिला थाना पुलिस ने सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। कोतवाली क्षेत्र के गायत्री शक्ति पीठ, रोडवेज तिराहा और गांधीनगर रोड स्थित पंडाल के आसपास पुलिस टीम ने चेकिंग की। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 75 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि चार लोगों से माफीनामा भरवाया गया।

पुलिस अधीक्षक के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम में महिला कांस्टेबल सोनी भारती, शिल्पी जायसवाल, माया यादव और दीक्षा शुक्ला शामिल रहीं।

अभियान के दौरान बाजार आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें किसी भी आपात स्थिति में 1090, 181, 112, 1076, 1098 और 108 हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जागरूक किया।

पुलिस टीम ने भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के संबंध में भी जानकारी दी। जरूरत पड़ने पर पुलिस के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई। पूछताछ के बाद चार व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया, जबकि अन्य को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages