- डीएम की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जोनल, सेक्टर, माइक्रो आब्जर्वर एवं पीठासीन अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचन कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया और उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्वाचन कार्मिक प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण मतदेय स्थलों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद बस्ती में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2045 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. विजय यादव ने मतदान अधिकारियों को मतदान सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदाता सूची, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतपेटिका तैयार करने, बैलेट बॉक्स खोलने और सील करने तथा मतपत्र लेखा तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने और मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment