गोरखपुर। औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में नियोजित श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग, गोरखपुर की ओर से 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का आयोजन गीडा स्थित उद्योग भवन (चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज) के सभाकक्ष एवं ईएसआईसी औषधालय में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसमें निर्माण श्रमिकों के साथ प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिक भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
शिविर में श्रमिकों को एक ही स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच एवं रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता के अलावा श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
श्रम विभाग के अनुसार शिविर में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, उत्तर प्रदेश राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), उद्योग विभाग, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक संगठनों एवं सेवायोजकों के बीच समन्वय स्थापित कर श्रमिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण, विभिन्न योजनाओं का हितलाभ और सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्थाएं भी शिविर में रहेंगी।
श्रम विभाग ने श्रमिक संगठनों, प्रतिष्ठान स्वामियों तथा व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक श्रमिकों को शिविर की जानकारी दें और उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित करें।

No comments:
Post a Comment