बस्ती। हर्रैया ब्लॉक परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। विधायक अजय सिंह ने 5 करोड़ 93 लाख 71 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने नारियल फोड़कर शिलापट्ट का अनावरण किया और निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस परियोजना से क्षेत्र में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होने के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलने से उन्हें कार्य करने में सहूलियत होगी और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी आसानी आएगी। इसका लाभ आम जनता को मिलने वाली सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।
विधायक ने कहा कि हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिनसे सरकारी व्यवस्था अधिक प्रभावी बने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। हर्रैया में बनने वाला आवासीय भवन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, श्रीश पाण्डेय, सरोज मिश्र, राघवेंद्र प्रताप पाण्डेय, संतोष गौतम, राज दत्त शुक्ल, मुन्ना सिंह प्रधान, राम सिंगार ओझा, विनय मिश्रा, राम अजोर राजभर, अमरनाथ सिंह, शिवम पाण्डेय, शिव चरन जायसवाल, विनय भारद्वाज, लवकुश चौबे, प्रदीप सिंह, धर्मध्वज सिंह, अखिलेश सिंह, सुरेश चौधरी, आशु सिंह, अंतेश सिंह, नीरज शुक्ल, मार्शल तिवारी, दीपक पाण्डेय और मनीष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment