गोरखपुर। महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत गोरखपुर महिला थाने के मिशन शक्ति केंद्र ने पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में सराहनीय पहल की है। अभियान के अंतर्गत 15 पारिवारिक विवादों का आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से निस्तारण कराया गया।
इस क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध ने महिला थाने स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी सुनीता और मिशन शक्ति टीम द्वारा सुलझाए गए 15 पारिवारिक विवादों से संबंधित परिवारों के अभिभावकों एवं परिजनों को बुलाकर उनका फीडबैक लिया गया। साथ ही, परिवारों में आपसी सौहार्द और सामंजस्य स्थापित करने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने परिवारों को आपसी विश्वास, प्रेम और संवाद के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही, पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाए रखने तथा विवादों को आपसी समझ-बूझ से सुलझाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर परिवारों में बेहतर संबंध, आपसी विश्वास और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।

No comments:
Post a Comment