वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन के. डी. सिंह गौर के नेतृत्व में शनिवार को बस्ती मंडल के बस्ती और संत कबीर नगर जिलों में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 115 वाहनों का चालान किया, जबकि 17 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।
अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों, बस बॉडी कोड का उल्लंघन करने वाली असुरक्षित यात्री बसों, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने, ओवरलोडिंग, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप के बिना चलने वाले वाहनों तथा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) या विकृत नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
संयुक्त अभियान में यात्री कर अधिकारी बस्ती शिव कुमार मिश्र, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन संत कबीर नगर प्रियंवदा सिंह सहित दोनों जिलों के यातायात पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन के. डी. सिंह गौर ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहनों के खिलाफ प्रदेशभर में लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रत्येक शनिवार और रविवार को परिवहन विभाग तथा यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें चेकिंग अभियान चलाती हैं। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना औ
र यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करना है।

No comments:
Post a Comment