वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 11 अक्टूबर को चार दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। वह 14 अक्टूबर को गोरखपुर से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। उनके आगमन और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता को लेकर तेलंगाना के लोकभवन की ओर से मिनट्स जारी कर दिया गया है। इस दौरान वह रामलीला मंचन, बार एसोसिएशन के कार्यक्रम, रुद्र महायज्ञ और विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक आयोजनों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल 11 अक्टूबर को दोपहर 1:15 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह बेतियाहाता स्थित अपने आवास जाएंगे। रात 8:15 बजे आर्यनगर की श्री रामलीला समिति की ओर से मानसरोवर में आयोजित रामलीला मंचन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रात नौ बजे कार्यक्रम से निकलकर आवास पहुंचेंगे।
12 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे सिविल कोर्ट में बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित एल्डर्स कमेटी रूम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दोपहर दो बजे बड़हलगंज क्षेत्र के सिधुआपार स्थित दिनेश पांडेय के आवास के लिए रवाना होंगे। वहां से शाम 4:30 बजे मुक्तिपथ पहुंचकर रुद्र महायज्ञ में शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे अपने आवास लौटेंगे। रात 7:50 बजे आशीष मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात नौ बजे वापस आवास पहुंचेंगे।
13 अक्टूबर को राज्यपाल दोपहर 1:30 बजे देवरिया के लिए रवाना होंगे। वहां विशुनपुर, भीखमपुर स्थित कृषक इंटर कॉलेज में दोपहर 2:30 बजे कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय कृष्णदेव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अपराह्न 4 बजे आईटीआई क्रॉसिंग स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल पहुंचकर अमर शहीद परिवार के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम 6:10 बजे तरकुलहा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद शाम 6:40 बजे गोरखपुर स्थित अपने आवास के लिए रवाना होंगे।
राज्यपाल 14 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे और वहां से हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।

No comments:
Post a Comment