<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 14, 2026

रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अपर महाप्रबंधक ने दिए निर्देश


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने 12 सितंबर 2026 को ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक, आईसीयू, आईसीसीयू, पैथोलॉजी केंद्र, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे तथा चिकित्सक कक्षों का जायजा लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

अपर महाप्रबंधक ने आईसीसीयू में भर्ती मरीजों से उनकी कुशल-क्षेम पूछी और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर तथा समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और पैथोलॉजी लैब में उपलब्ध आधुनिक मशीनों के रखरखाव को मजबूत करने तथा उन्हें हमेशा चालू स्थिति में रखने पर जोर दिया।

उन्होंने आपातकालीन रोगी पंजीकरण पंजिका को ऑनलाइन करने और अस्पताल से संबंधित अधिक से अधिक दस्तावेजों को डिजिटल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था से मरीजों को त्वरित सुविधा मिलने के साथ कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। इमरजेंसी वार्ड परिसर में रखे बूम बैरियर को हटाने का भी निर्देश दिया।

दवा वितरण हॉल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से दवा प्राप्त करने में होने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को दवा लेने के लिए अनावश्यक रूप से लंबी कतार में खड़ा न होना पड़े। औषधि ड्राप बॉक्स से निष्प्रयोज्य दवाओं की नियमित निकासी सुनिश्चित करने को भी कहा।

अपर महाप्रबंधक ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने, खान-पान स्टॉल के आसपास पर्याप्त डस्टबिन रखने और कचरे का समुचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री को उचित स्थान पर रखने को कहा, ताकि अस्पताल परिसर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बना रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages