गोरखपुर। गोरखपुर पूर्वांचल ऑटो ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने वाहन फिटनेस के नाम पर कथित अनियमितता और अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाते हुए सांसद को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने ज्ञापन में कहा है कि फिटनेस कराने के लिए वाहन स्वामियों से निर्धारित शुल्क के अलावा अतिरिक्त धनराशि लिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
ज्ञापन के अनुसार, फिटनेस समाप्त हो चुके ऑटो के लिए 1380 रुपये की रसीद काटे जाने तथा फिटनेस की वैधता के दौरान 800 रुपये की रसीद काटे जाने का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इसके बाद आरटीओ परिसर में वाहन न भेजकर महावीर छपरा के पास स्थित एक निजी एजेंसी में वाहन भेजे जाते हैं, जहां ठेकेदार के स्तर से कथित रूप से अतिरिक्त धनराशि की मांग की जाती है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि सरकारी फीस जमा होने के बाद भी वाहन स्वामियों से 2500 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जाने की शिकायतें हैं। राशि के संबंध में सवाल करने पर कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने और फिटनेस रोकने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
एसोसिएशन ने सांसद से मामले की जांच कराकर व्यवस्था में सुधार कराने तथा वाहन स्वामियों को अनावश्यक आर्थिक परेशानी से राहत दिलाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment