गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर एवं लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडलों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत मंगलवार को ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ थीम पर व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
मुख्यालय के ईएनएचएम विंग द्वारा विभिन्न कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर रेलकर्मियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। कर्मचारियों को प्लास्टिक की बोतल, कप, पॉलिथीन समेत एकल-उपयोग प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।
लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई उपकरणों की क्रियाशीलता जांची गई। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यात्रियों को जागरूक किया गया। ट्रेनों में प्रसाधन एवं पैंट्रीकार की सफाई के साथ स्टेशनों पर ड्रेनेज और प्रसाधन की भी विशेष सफाई कराई गई।
वाराणसी मंडल में स्टेशनों के एप्रोच मार्ग, यार्ड, रेलवे ट्रैक के किनारे और रेलवे कॉलोनियों में सफाई अभियान चलाया गया। सफाई मित्रों, यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया तथा विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता रैलियां निकाली गईं।
इज्जतनगर मंडल के प्रमुख स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में भी व्यापक सफाई एवं जागरूकता गतिविधियां हुईं। सफाई मशीनों, उपकरणों और संयंत्रों की कार्यशीलता के साथ सफाई कर्मचारियों के व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। स्टेशनों पर गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, पर्याप्त डस्टबिन और प्लास्टिक मुक्त परिसर पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने चिन्हित ट्रेनों का निरीक्षण कर विशेष सफाई कराई। अभियान का प्रचार सोशल मीडिया, बैनर, पोस्टर, मेगाफोन और समाचार पत्रों के माध्यम से किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment