वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो आर्थिक तंगी भी सपनों की उड़ान को रोक नहीं सकती। जनपद बस्ती की कोतवाली रोड निवासी साक्षी गुप्ता ने इसे सच कर दिखाया है। सीमित संसाधनों और पारिवारिक आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार मानने के बजाय आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बनी और आज वह स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
साक्षी का सपना शुरू से ही अपना व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का था। वह अपनी मेहनत के बल पर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना चाहती थीं, लेकिन पूंजी की कमी उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी। आर्थिक अभाव के कारण वह चाहकर भी व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रही थीं।
इसी बीच उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। साक्षी ने इसे अपने सपने को साकार करने के अवसर के रूप में लिया और योजना की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वरोजगार के लिए आवेदन किया।
उनकी मेहनत और लगन रंग लाई। योजना के अंतर्गत उन्हें चार लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। आर्थिक सहयोग मिलने के बाद उन्होंने अपने कार्य की शुरुआत की। आज वह आत्मविश्वास के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं।
साक्षी का कहना है कि पहले आर्थिक परेशानियां उनके लिए बड़ी बाधा थीं, लेकिन स्वरोजगार ने उन्हें आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने की ताकत दी है। उनके अनुसार यदि युवाओं को सही समय पर मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिले तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए उम्मीद और अवसर का माध्यम है। यह योजना उन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जिनके पास हुनर और मेहनत करने का जज्बा तो है, लेकिन पूंजी के अभाव में वे अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते।
साक्षी गुप्ता ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने उनके जैसे अनेक युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
No comments:
Post a Comment