वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। तहसील हर्रैया में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने की। अधिकारियों ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 159 मामले प्राप्त हुए, जिनमें 13 का मौके पर निस्तारण किया गया। इनमें राजस्व विभाग के 72, पुलिस के 18, विकास के 14, आपूर्ति के 45, विद्युत के 6 तथा अन्य विभागों के 4 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस आमजन को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने तथा गंभीर मामलों में मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की सूचना समय से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने तथा फरियादियों की पूरी बात ध्यानपूर्वक सुनकर शालीनता से व्यवहार करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीपीआरओ घनश्याम सागर, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment