<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, September 8, 2026

नहरों में रिसाव और अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नहरों में जलस्तर, किसानों की समस्याओं, नलकूपों की स्थिति तथा कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई।

उपाध्यक्ष ने कहा कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नहरों में जल उफान की स्थिति है। ऐसे में नहरों में हो रहे रिसाव और अवैध कटों को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि सिंचाई के पानी का अनावश्यक बहाव न हो। उन्होंने सरयू नहर खंड-4 के अधिशासी अभियंता एवं नोडल को सभी नहरों की सतर्कता से निगरानी करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता दिनेश मोहन ने बताया कि सरयू नहर खंड-4 के तहत संतकबीरनगर में 1050 क्यूसेक और बस्ती में 430 क्यूसेक पानी पहुंचाया गया है। कुल 93 टेलों पर पानी उपलब्ध कराया गया है। रुधौली विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य ने सूरतगढ़ और शुमाली माइनर में पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया। इस पर बताया गया कि 10 सितंबर को टीम दोनों माइनरों का निरीक्षण कर समस्या का समाधान करेगी।

कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाबचंद सोनकर ने अधिशासी अभियंता नलकूप की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। सहायक अभियंता ने बताया कि 668 नलकूपों में से पांच यांत्रिक और चार विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जबकि 659 नलकूप संचालित हैं।

उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि तोरिया, चना, गेहूं और मटर के बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू है। किसान 30 सितंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने की जानकारी दी। कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जा रहा है।

बैठक का संचालन सहायक अभियंता विजय कुमार आर्य ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages