<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, September 12, 2026

जनचौपाल में सुनीं समस्याएं, करोड़ों की परियोजनाओं का विधायक ने किया निरीक्षण

हर्रैया। जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक अजय सिंह ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम शंकरपुर में जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया तथा शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण एवं संकल्प के 25 वर्षों को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम शंकरपुर में शिवकुमार मौर्य के आवास पर ‘आपका सेवक आपके द्वार’ जनचौपाल एवं लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। विधायक ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सुना। समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक ने विकासखंड परसरामपुर के ग्राम धरमपुर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम तथा लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय पॉलिटेक्निक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के युवाओं को खेल, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

इसके बाद विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसरामपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं, एंटी-वेनम वैक्सीन तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली और मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विकासखंड विक्रमजोत के अमोढ़ा स्थित पौराणिक चतुर्भुजी मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया गया। वहीं कप्तानगंज क्षेत्र के पलिवारपुर रकबा स्थित परमहंस दास कुटी में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे गेस्ट हाउस की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।


विधायक अजय सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर्रैया को शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाने के लिए विकास परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages