गोरखपुर। चौरी चौरा थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने और समय-समय पर आर्थिक लाभ दिलाने का झांसा देकर बैंक खातों से धनराशि की निकासी एवं स्थानांतरण करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पासबुक, दो एटीएम कार्ड और एक मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चौरी चौरा थाना क्षेत्र के बिलारी गांव निवासी गोल्डन भारद्वाज उर्फ रितिक पुत्र विधिचंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना चौरी चौरा में मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 61(2), 351(2), 351(3), 352 बीएनएस तथा 66(सी), 66(डी) आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस की जांच के मुताबिक, अभियुक्त ने कथित रूप से पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत वादी को अच्छी नौकरी और समय-समय पर आर्थिक लाभ प्राप्त होने का झूठा प्रलोभन दिया। इसके बाद वादी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा उसके भाई के पंजाब नेशनल बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज और बैंकिंग एक्सेस अपने नियंत्रण में लेकर धनराशि का संग्रहण, निकासी एवं स्थानांतरण किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्त का वर्ष 2021 में चौरी चौरा थाने में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कृष्णानन्द कुशवाहा, उपनिरीक्षक मनीष श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, हेड कांस्टेबल हरिकिशोर तिवारी तथा कांस्टेबल प्रियेश यादव शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment