संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड शारीरिक दक्षता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी। उन्होंने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए। पूरी प्रक्रिया में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। उन्होंने दौड़ परीक्षा के लिए निर्धारित मैदान का स्थलीय निरीक्षण भी किया तथा मिली कमियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment