मोदीनगर। गाजियाबाद-सहारनपुर रेलवे लाइन पर प्रस्तावित फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण से प्रभावित महाकाली मार्केट, इंदिरा कॉम्प्लेक्स और राजा कॉम्प्लेक्स, हापुड़ रोड के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित व्यापारियों के लिए वैकल्पिक दुकान, उचित मुआवजा और व्यवस्थित पुनर्वास की मांग की।
जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि इन बाजारों में अनेक व्यापारी पिछले 40 से 50 वर्षों से दुकानें संचालित कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। कई दुकानदारों के पास किरायानामा, किराया रसीद, बिजली बिल सहित अन्य दस्तावेज उपलब्ध हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानों को हटाने से व्यापारियों के सामने रोजगार और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है। आरओबी जैसे जनहित के विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास की कीमत वर्षों से कारोबार कर रहे छोटे और मध्यम व्यापारियों की आजीविका उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। परियोजना के लिए दुकानों को हटाना आवश्यक हो तो पहले प्रभावित व्यापारियों का निष्पक्ष सर्वे, दस्तावेजों का सत्यापन और उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में मांग की गई कि सभी प्रभावित दुकानदारों का पारदर्शी सर्वे कर उनके दस्तावेजों को रिकॉर्ड में शामिल किया जाए। वैकल्पिक व्यावसायिक स्थल उपलब्ध कराए बिना दुकानों को हटाने की कार्रवाई न की जाए। साथ ही विस्थापन से होने वाले आर्थिक नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन, रेलवे विभाग और व्यापारियों के बीच बैठक कर उनकी आपत्तियों और सुझावों का समाधान करने तथा सामूहिक एवं व्यवस्थित पुनर्वास योजना तैयार करने की मांग भी की। सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों के साथ खड़ी है और उन्हें न्यायपूर्ण पुनर्वास तथा उनके वैधानिक अधिकारों का संरक्षण मिलने तक इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी।
इस अवसर पर व्यापारी प्रतिनिधि अमित गुप्ता, रूबी मलिक, अरुण चौधरी, मनोज वर्मा, अरविंद चौधरी, नरेश शर्मा, विनीत शर्मा, किशन लाल, बिजेंद्र सिंह, पवन कुमार खटाना, ज्ञानेश्वर खटाना, यूसुफ आदि मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रिजवान मलिक, राजू शर्मा, राजकुमार शर्मा, सीमा, नजमीन, इरफान, बाबूराम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment