वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। हिन्दी दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन की ओर से बक्शीपुर स्थित कैंप कार्यालय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी की अध्यक्षता में हुई संगोष्ठी में हिन्दी के प्रचार-प्रसार, दैनिक जीवन में प्रयोग तथा भाषा की गरिमा बनाए रखने पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद और विशिष्ट अतिथि जोन-1 के प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव रहे। संचालन मंडल महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने किया।
मुख्य अतिथि शोएब अहमद ने कहा कि हिन्दी दिवस गौरव और आत्मसम्मान का अवसर है। हिन्दी को समृद्ध और सशक्त बनाना सभी की जिम्मेदारी है। हिन्दी दिवस की सार्थकता तभी है, जब केवल एक दिन हिन्दी को याद करने के बजाय दैनिक कार्यों और व्यवहार में इसका अधिक से अधिक प्रयोग किया जाए।
दीनानाथ यादव ने कहा कि हिन्दी में बोलना और काम करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक दायित्व है। अध्यक्षीय संबोधन में मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा रही है। पत्रकारों की कलम हिन्दी को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए भाषा की शुद्धता और गरिमा बनाए रखना पत्रकारों का दायित्व है।
दिलीप कुमार पटवा ने हिन्दी के मान-सम्मान को बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर शेषनाथ जैसवार, वकील अहमद, प्रवीण कुमार अग्रवाल, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण कुशवाहा, राजेश शर्मा, पूजा वर्मा, रिम्शा खान, शिरीन परवेज, अमर प्रताप सिंह, शाहनवाज आलम, अतीक अहमद, अजय त्रिपाठी, सतीश कुमार और रविंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment