<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, September 24, 2026

संस्थागत सप्लाई को लेकर विभाग की पहल, दवा व्यापारियों में सकारात्मक संदेश

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 21 सितंबर को उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब से मुलाकात कर दवा व्यापारियों की विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं से संबंधित 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद संस्थागत दवा आपूर्ति को लेकर विभाग की ओर से जारी नए आदेश का दवा व्यापारियों ने स्वागत किया है।
नए आदेश में संस्थागत आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बिल में भुगतानकर्ता और माल प्राप्तकर्ता का विवरण दर्ज करने की व्यवस्था तथा निर्माता फर्म अथवा केंद्रीय भंडारण एजेंसी द्वारा संस्थागत आपूर्ति के रूप में दवा भेजे जाने से संबंधित प्रावधानों को स्पष्ट किया गया है। इससे संस्थागत आपूर्ति की प्रक्रिया को लेकर दवा कारोबारियों में बनी असमंजस की स्थिति दूर होने की उम्मीद है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर सिंह, महामंत्री सुधीर अग्रवाल, संगठन मंत्री शैलेंद्र सिंह टिल्लू, दवा विक्रेता समिति गोरखपुर के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे, महामंत्री आलोक चौरसिया, दुर्गेश शुक्ला, वाराणसी के महामंत्री संजय सिंह तथा लखनऊ के अध्यक्ष हरीश शाह सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
संगठन ने कहा कि दवा व्यापारी नियमों के पालन, गुणवत्तापूर्ण दवा वितरण और औषधि कानूनों के सम्मान के पक्षधर हैं। 15 सूत्रीय ज्ञापन का उद्देश्य नियमों का विरोध करना नहीं, बल्कि ऐसी पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था सुनिश्चित कराना है, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के समक्ष पोर्टल, लाइसेंस, संस्थागत आपूर्ति समेत दवा व्यापार से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी विस्तार से रखा था। संगठन ने उम्मीद जताई कि संस्थागत आपूर्ति की तरह ज्ञापन में उठाए गए अन्य विषयों का भी चरणबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा।
दवा विक्रेता समिति गोरखपुर के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे और महामंत्री आलोक चौरसिया ने नए आदेश के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा आयुक्त डॉ. रोशन जैकब का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाग की पहल दवा व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने का सकारात्मक संकेत है। संगठन ने विभाग के साथ संवाद और सहयोग के माध्यम से व्यापारी हित, मरीज हित तथा औषधि व्यवस्था में पारदर्शिता को आगे बढ़ाने की बात कही।

No comments:

Post a Comment

Pages