गोरखपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान सभा के जिला सचिव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, फसलों का उचित मूल्य और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि खाद, बीज, यूरिया, डीएपी सहित कृषि संबंधी आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और महंगाई पर रोक लगाई जाए। किसानों को निर्धारित दरों पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। धान खरीद की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की भी मांग की गई।
किसान सभा ने सभी किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने, बिना अनावश्यक कटौती के विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग उठाई। इसके अलावा जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, दवाओं तथा जांच की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई।
ज्ञापन में आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और आमजन की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। किसान नेताओं ने पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने, किसानों को फसल क्षति से राहत दिलाने तथा धान खरीद केंद्रों पर किसानों को परेशानी से बचाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

No comments:
Post a Comment