बेलहरकलां, संतकबीरनगर। हड्डी के डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के नाम पर मोबाइल में APK एप डाउनलोड कराकर साइबर ठगी के शिकार हुए प्रेम कुमार को साइबर हेल्प डेस्क थाना बेलहरकलां पुलिस ने राहत दिलाई है। पुलिस की प्रभावी पैरवी से ठगी की गई धनराशि में से 30 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए। इससे पूर्व एक अगस्त को 83,630 रुपये की धनराशि वापस कराई जा चुकी है। इस प्रकार अब तक कुल 1,13,630 रुपये पीड़ित को वापस मिल चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, रमवापुर मिश्र निवासी प्रेम कुमार के मोबाइल में 19 जून 2026 को अज्ञात व्यक्ति ने गोरखपुर में हड्डी के डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के नाम पर APK एप डाउनलोड कराया था। इसके बाद मोबाइल हैक कर फ्रॉडर ने खाते से 1,64,123 रुपये का गलत ट्रांजेक्शन कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल थाना बेलहरकलां की साइबर हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत साइबर हेल्प डेस्क ने NCRP पोर्टल पर प्राप्त शिकायत संख्या 23106260122437 पर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस की पैरवी के बाद 30 हजार रुपये की धनराशि 13 सितंबर को पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल दीनानाथ और कांस्टेबल शैलेश यादव शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल और ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा <escape>Cybercrime.gov.in</escape> पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

No comments:
Post a Comment