बस्ती। जिला चिकित्सालय बस्ती की व्यवस्थाओं और संसाधनों के उपयोग को लेकर सत्येन्द्र सिंह ‘भोलू’ ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर विभिन्न मामलों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, इंटर्नशिप कर रहे छात्रों से कथित सुविधा शुल्क, ऑपरेशन के नाम पर कथित धन वसूली और सीसीटीवी व्यवस्था समेत कई बिंदु उठाए गए हैं।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि कैली अस्पताल में उपलब्ध कुछ सरकारी दवाएं जिला चिकित्सालय में मरीजों को उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। साथ ही इंटर्नशिप कर रहे छात्रों से ड्यूटी लगाने के नाम पर कथित रूप से पांच हजार रुपये लिए जाने की शिकायत का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ प्रशिक्षणार्थी छात्र अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं।
पत्र में दूसरे जिलों के रहने वाले कुछ चिकित्सकों की जिला अस्पताल में ओपीडी और उपस्थिति की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग भी की गई है। इसके अलावा हड्डी एवं सर्जरी विभाग में ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से कथित रूप से धन लिए जाने के आरोपों की जांच कराने की मांग की गई है।
सीसीटीवी व्यवस्था को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सभी ओपीडी में सीसीटीवी लगाने के लिए पिछले दो वर्षों से धन उपलब्ध होने के बावजूद अभी तक सभी विभागों की ओपीडी में कैमरे नहीं लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि फिलहाल केवल दो ओपीडी में सीसीटीवी लगे होने का उल्लेख किया गया है। शेष स्थानों पर व्यवस्था नहीं होने के कारणों की भी जांच की मांग की गई है।
इसके साथ ही जिला अस्पताल में होम्योपैथिक दवाओं की खरीद कब हुई और पिछले कई वर्षों से खरीद नहीं होने की स्थिति में इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच कराने की मांग की गई है।
सत्येन्द्र सिंह ‘भोलू’ ने जिलाधिकारी से शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को भी भेजी गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
No comments:
Post a Comment