<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, September 18, 2026

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी ने कसी कमर, अपराध नियंत्रण की बनाई रणनीति

गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस अनुभाग गोरखपुर में शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह समेत थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।


बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक रेलवे ने अधिकारियों व कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन कर उनकी समस्याएं सुनीं और नियमानुसार शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

ऑपरेशन कन्विक्शन की समीक्षा करते हुए लंबित अभियोगों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के निर्देश दिए गए। गुमशुदा व्यक्तियों, बच्चों और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए थाना स्तर पर टीमें गठित कर विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

ट्रेनों में ड्यूटी करने वाले स्कोर्ट की समीक्षा करते हुए सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं ई-साक्ष्य, ई-समन और क्राइम मैप पर लंबित एफआईआर डाटा को तत्काल अपडेट करने को कहा गया।

रेल मार्ग से शराब तस्करी, लूट और छिनैती करने वाले गिरोहों के विरुद्ध विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पिछले तीन वर्षों के अपराध एवं संपत्ति बरामदगी के मामलों की तुलनात्मक समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

अधिकारियों को सक्रिय, वांछित, इनामिया, जमानत पर बाहर आए अपराधियों और दस साला अपराधियों का सत्यापन कर निगरानी रखने को कहा गया। मोबाइल, पर्स, बैग चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखने, पत्थरबाजी तथा रेलवे ट्रैक अवरोध की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने और प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक रेलवे ने दिए।

No comments:

Post a Comment

Pages