महादेवा। महादेवा पुलिस चौकी के सामने बनकटी रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:40 बजे अज्ञात दोपहिया वाहन की टक्कर से 9 वर्षीय बालक घायल हो गया। हादसे के बाद बालक कई फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए वह अचेत हो गया। हादसे में उसका एक दांत टूट गया और कमर में चोट आई है।
बताया गया कि महादेवा निवासी गोलू की दादी बनकटी रोड के दक्षिणी किनारे पर केले का ठेला लगाती हैं। शुक्रवार दोपहर गोलू सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए अज्ञात दोपहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गोलू सड़क पर गिर गया और कई फीट तक घिसटता चला गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बालक को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। इसके बाद परिजन उसे लेकर घर चले गए। गोलू की मां का नाम गुड़िया और पिता का नाम अजय बताया गया है।
वहीं, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात दोपहिया वाहन चालक मौके से निकल गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने पुलिस से वाहन चालक का पता लगाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment