संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को जनपद के सभी थानों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने खलीलाबाद शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों, महुली पुलिस ने कुशहवा, बखिरा पुलिस ने हरापट्टी, बेलहरकला पुलिस ने सरदार पटेल इंटर कॉलेज बेलहरकला व पिपरा प्रथम तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने पुनया, कसया और महदुपार में महिलाओं एवं छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया। महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

No comments:
Post a Comment