- एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, ग्राम चौपाल में सुनीं समस्याएं
संतकबीरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर संतकबीरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपाय और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। टीमों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा परेशानी की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस की मदद लें।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय का भरोसा दिलाया गया। महिला बीट अधिकारियों ने महिलाओं को निडर होकर अपनी बात रखने तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने समय माता मंदिर एवं मेंहदावल बाईपास, महुली पुलिस ने कस्बा महुली, बखिरा पुलिस ने बखिरा, मेंहदावल पुलिस ने माध्यमिक विद्यालय व चौक बाजार, बेलहरकला पुलिस ने सरदार पटेल इंटर कॉलेज बेलवा सेंगर तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने इटौवा, मुसहरा और गहवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस टीमों ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 चिकित्सा सहायता, 1098 बाल सहायता हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में भी बताया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में पुलिस तत्परता से कार्रवाई करेगी। साथ ही आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।

No comments:
Post a Comment