गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना देवरिया की पुलिस टीम ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से 30 लाख 23 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर बरामद धनराशि के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है।
जीआरपी थाना देवरिया पुलिस टीम ने शनिवार रात 12 सितंबर को ट्रेन संख्या 15565 वैशाली एक्सप्रेस में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जंक्शन तक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास मौजूद अदद बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नकदी मिली। बरामद रकम की गिनती करने पर 30,23,200 रुपये पाए गए।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान मुकेश शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी बीनादेसर थाना राजनदेशर, जिला चूरू, राजस्थान, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में मुकेश शर्मा ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई गोविंद के कहने पर एक अन्य पार्टी को पैसा पहुंचाने का काम करता है, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता है। वह गोरखपुर में एक व्यक्ति को नकद रुपये देने जा रहा था।
पुलिस ने बरामद धनराशि के संबंध में कागजात मांगे, लेकिन संदिग्ध कोई वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने बरामद नकदी को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच आयकर विभाग के उपनिदेशक (जांच), यूनिट गोरखपुर को सूचित कर की जा रही है। बरामद नकदी के स्रोत और उसके गंतव्य की जांच के साथ संदिग्ध के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे : प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र चौहान, कांस्टेबल प्रवीण कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल मुस्तफा और कांस्टेबल मिथुन कुमार।
जीआरपी अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई : पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया रवि रत्न गौतम के निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाया गया।

No comments:
Post a Comment