गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में 16 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रकाश चन्द्र जायसवाल के निर्देशन में आयोजित इस पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए साहित्यिक संगोष्ठी, कार्यशाला, प्रतियोगिताओं और कवि सम्मेलन समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रमों की शुरुआत 16 सितंबर को रेलवे अधिकारी क्लब में शाम 3:30 बजे साहित्यिक संगोष्ठी से होगी। 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे कार्यशाला तथा 18 सितंबर को शाम 3:30 बजे कर्मचारियों के लिए हिंदी क्विज आयोजित की जाएगी। 21 सितंबर को बहुविषयक पद्धति प्रशिक्षण केंद्र (एमएसटीसी) में दोपहर 12 बजे कर्मचारियों के लिए आशु भाषण और शाम 3:30 बजे हिंदी साहित्य पर निबंध प्रतियोगिता होगी।
22 सितंबर को रेलवे अधिकारी क्लब में अधिकारियों के लिए हिंदी क्विज, 23 सितंबर को स्वास्थ्य संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। 24 सितंबर को एमएसटीसी में दोपहर 12 बजे स्लोगन प्रतियोगिता और शाम 3:30 बजे हिंदी सुलेख प्रतियोगिता होगी। 25 सितंबर को रेलवे विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए वाक् एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में शाम चार बजे कवि सम्मेलन के साथ होगा। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

No comments:
Post a Comment