<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, September 24, 2026

बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन, मांगें नहीं मानीं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

गोरखपुर। 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में गुरुवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले गोरखपुर में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) में असमानता समाप्त करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

यूएफबीयू के जिला संयोजक यूपीएन सिंह ने कहा कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने के संबंध में सरकार के साथ वर्ष 2015 से वार्ता चल रही थी। मार्च 2024 में इस संबंध में सहमति भी बन गई थी, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सभी शनिवार को अवकाश के बदले बैंक कर्मियों द्वारा प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने पर भी सहमति बनी थी।

स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के उपमहामंत्री राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्ष में 26 शनिवार पहले से बंद रहते हैं। शेष शनिवारों में भी औसतन तीन-चार शनिवार त्योहारों के कारण अवकाश रहता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यालयों, आरबीआई, नाबार्ड और कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, जबकि बैंक कर्मचारियों की यह मांग अभी लंबित है।

उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी अत्यधिक कार्य दबाव और स्टाफ की कमी के बावजूद जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कर्मचारी हड़ताल नहीं करना चाहते, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर वे वेतन कटवाकर आंदोलन करने को विवश हैं। मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई।

प्रदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक के अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव, यूनियन बैंक के संतोष कुमार, सचिव पुनीत धर दुबे, केनरा बैंक प्रभारी विवेक कुमार, यूको बैंक सचिव मुरारी शुक्ला, बैंक ऑफ बड़ौदा के महासचिव श्रेयांश श्रीवास्तव, इंडियन बैंक सचिव आकाश सिंह, स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महामंत्री अनिल व संदीप सहित विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages