संतकबीरनगर। यात्री बसों के सुरक्षित संचालन और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए संतकबीरनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच-2.0’ के तहत विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में 28 से 30 सितंबर तक जिले के प्रमुख मार्गों, एक्सप्रेस-वे और बसों के आवागमन वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात खलीलाबाद परमहंस के नेतृत्व में यात्री बसों की जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान बसों के निर्धारित बॉडी-कोड मानकों के अनुरूप होने के साथ-साथ छत और कैरियर पर लदे सामान की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस की विशेष नजर इस बात पर है कि बसों की छत या कैरियर पर निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक सामान लादकर यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ न किया जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय बसों के प्रमुख मार्गों तथा एक्सप्रेस-वे के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बस संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि किसी बस की छत या कैरियर पर निर्धारित सीमा से अधिक सामान लदा दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

No comments:
Post a Comment