वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बखिरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के कुल 114 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 को थाना बखिरा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अर्जुन पुत्र राम सुरेश, निवासी नन्दौर, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न प्रकार के अवैध पटाखे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 114 किलो 800 ग्राम बताया गया है। बरामदगी के संबंध में थाना बखिरा में मुकदमा अपराध संख्या 354/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

No comments:
Post a Comment