बस्ती। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव की अध्यक्षता में ‘संविधान बचाओ’ पीडीए जन पंचायत आयोजित की गई। जन पंचायत में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा और 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संजय विद्यार्थी सविता ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार किसान, नौजवान और महिलाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है तथा किसान खाद-बीज की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को फिर से प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
संजय विद्यार्थी सविता ने भाजपा सरकार पर दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग के आरक्षण और अधिकारों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और पीडीए के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है।
जन पंचायत की अध्यक्षता कर रहे विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता एक बार फिर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में छात्रों के लिए कन्या विद्याधन, लैपटॉप, साइकिल और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं संचालित की गई थीं। सरकार बनने पर युवाओं के रोजगार और सरकारी नौकरियों के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से सपा की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।
विधायक कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’, अभिषेक शर्मा, सोनू शर्मा, रामतौल शर्मा, संजय शर्मा, व्यासमणि शर्मा, जेपी शर्मा, प्रेमचन्द्र शर्मा, रमेश शर्मा, चन्द्रभान शर्मा और रक्षाराम शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि जिले में बड़े उद्योगों की कमी के कारण युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है तथा सरकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
सपा नेताओं ने कहा कि जनता बदलाव के लिए तैयार है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से 2027 में प्रदेश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन होगा। जन पंचायत में मो. स्वाले, राजाराम यादव, मो. सलीम, गीता भारती, रणजीत यादव रिन्टू, रहमान सिद्दीकी, अजय यादव, अरविन्द यादव, रन बहादुर यादव, अरविन्द सोनकर, यूनूस आलम, अजीत सिंह, रितेश यादव, जेपी नन्द, रामचन्दर शर्मा, बब्लू शर्मा, जयराम शर्मा, सुभाष ठाकुर, संदीप शर्मा, पिन्टू शर्मा, राजेश शर्मा, ज्ञानेश शर्मा, अभिनन्दन शर्मा, पंकज शर्मा, महेश शर्मा, राजू शर्मा, रामनरायन शर्मा, मधुबाला शर्मा, रामानन्द शर्मा, सन्तराम शर्मा, रामसागर शर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment