<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, August 14, 2026

विभाजन की त्रासदी को याद कर भावुक हुए लोग, एकता और सद्भाव का लिया संकल्प


बस्ती। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विकास भवन में श्रद्धा, संवेदना और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने की। उपस्थित लोगों ने भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभाजन की भयावह परिस्थितियों, बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन और उस दौर में लोगों के संघर्ष एवं पीड़ा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म ने उपस्थित लोगों को विभाजन के उस दर्दनाक दौर से परिचित कराया। डॉक्यूमेंट्री के दौरान सभागार में माहौल गंभीर और भावुक रहा।
इतिहास से सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान
मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर देश के भविष्य को मजबूत करने का संदेश देता है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने अपना घर, परिवार, संपत्ति और मातृभूमि छोड़कर विस्थापन का दंश झेला। अनेक परिवारों ने विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस और संघर्ष के बल पर अपने जीवन को दोबारा खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता को मजबूत कर ही राष्ट्र को और सशक्त बनाया जा सकता है।
- राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का लिया संकल्प
कार्यक्रम में नागरिकों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सरदार जगवीर सिंह, प्रभुप्रीत सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, नरेश सडाना, सरदार कुलदीप, सविता, राजेन्द्र सिंह और तेजपाल सिंह सहित अन्य संभ्रांत नागरिकों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद कैंडल मार्च निकालकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, जिला पंचायतराज अधिकारी घनश्याम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी विकास नारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।

No comments:

Post a Comment

Pages