वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी के नेतृत्व में बुधवार को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत विकास भवन से मौलाना आजाद इंटर कॉलेज तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में अधिकारियों के साथ विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के भाव के साथ यात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने जनपदवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत 17 अगस्त 2026 तक अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान एवं आदर के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही अभियान के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों, क्रांतिकारियों और शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तिरंगे के साथ सेल्फी, प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, तिरंगा प्रदर्शनी सहित विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जनपद में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा।

No comments:
Post a Comment