बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में महादेवा विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही कलश के साथ वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान शुक्रवार को कुदरहा मंडल के वैसहिया कला, कोईलपुरा, बनरहा, गाना और देवरिया समेत विभिन्न गांवों में पहुंची। ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया तथा संत रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा की।
कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री तथा साऊंघाट ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार ने कहा कि यह अभियान समाज में समरसता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। उनका संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि अभियान को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
नगर पंचायत गायघाट के अध्यक्ष प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी 'पिंटू' ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार गौतम एवं कुदरहा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश अग्रहरि ने कहा कि वंदन यात्रा केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का जन-जागरण अभियान है। उन्होंने युवाओं से संत रविदास के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक एकता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सुनील कुमार निगम, विजयशंकर मिश्र, जनार्दन तिवारी, नितेश निगम, मनोज पासवान, मनीष, संदीप कन्नौजिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment