<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, August 21, 2026

कम बारिश के बीच किसानों को नहरों से सुगम सिंचाई पानी उपलब्ध कराने पर जोर


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। विकास भवन सभाकक्ष में शुक्रवार को सिंचाई बंधु की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष सिंचाई बंधु गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि नहरों से किसानों को सिंचाई के लिए पानी सुविधापूर्वक उपलब्ध हो, इसके लिए नहर खंड के सभी अभियंता अपनी जिम्मेदारी के प्रति सतर्कता बरतते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वर्षा बहुत कम हो रही है। ऐसे में किसानों के लिए सिंचाई विभाग की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री त्रिपाठी ने सहायक अभियंता लघु सिंचाई को निर्देश दिया कि जनपद में प्राप्त निःशुल्क बोरिंग के लक्ष्य को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा पात्र किसानों को निःशुल्क बोरिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उपाध्यक्ष ने सहायक अभियंता नलकूप से संचालित नलकूपों की स्थिति की जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में 35 नए मोटर रिजर्व में रखे गए हैं, जबकि आठ मोटरों की रिपेयरिंग कराई जा चुकी है। वर्तमान में चार नलकूप बंद हैं, जिनके संचालन की कार्यवाही की जा रही है।

बैठक में विधायक सदर प्रतिनिधि मो. सलीम ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारी से सवाल किया कि फरवरी 2022 के बाद का अवशेष भुगतान किसानों को क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। साथ ही पशुओं के टीकाकरण में ग्रामीण स्तर पर तेजी लाने और पशुपालकों को पशुओं को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-4, बस्ती हरिशंकर सिंह ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद सोनकर, रूधौली प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages