गोरखपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की आगामी 650वीं जयंती वर्ष को समर्पित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को महानगर के भौवापार मंडल में मंडल अध्यक्ष श्रीराम पांडे के नेतृत्व में छह स्थानों पर कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में आमजन ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पवित्र कलश का पूजन-अर्चन, पुष्प अर्पण तथा धूप-अगरबत्ती से वंदन कर संत रविदास महाराज को नमन किया।
वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से युक्त कलश के भौवापार मंडल पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, समरसता और सामाजिक सद्भाव का वातावरण बना रहा।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी के विचार केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, मानव सेवा, भाईचारे और सामाजिक न्याय के प्रति समाज का संकल्प हैं। उनका संदेश आज भी पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समरसता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का यह अभियान संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के संयोजक मनोज अग्रहरी ने बताया कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में कलश वंदन यात्राओं के माध्यम से समाज को समरसता और सामाजिक एकता का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर कलश वंदन कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार आर्या, सहसंयोजक अनिल कनौजिया, कृष्ण कुमार, राजेश पासवान, इंजीनियर बृजमोहन, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग मझवार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र महंथा, मंडल अध्यक्ष सत्य किशोर तथा रिंकू भारती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment