<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, August 4, 2026

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का सीआरओ ने लिया जायजा, जलभराव दूर करने के दिए निर्देश

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि बैरिकेडिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूत तरीके से लगाई जाए तथा यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित की जाए कि कांवड़ियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और आमजन को भी अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य राजस्व अधिकारी ने पचपेडिया रोड पर जलभराव की शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति में जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

No comments:

Post a Comment

Pages