गोरखपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्सा निदेशक डॉ. मो. ए.ए. खान की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम में गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को स्तनपान के लाभ और शिशु के समुचित पोषण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सलाहकार डॉ. नंद किशोर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. तनु वर्मा, बाह्य रोगी विभाग प्रशासन प्रभारी डॉ. उमेश मौर्य तथा डॉ. आशा कलवार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि जन्म के पहले घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान कराना, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध देना तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
चिकित्सकों ने कहा कि "माँ का दूध शिशु का पहला टीका, पहला पोषण और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है।" कार्यक्रम में उपस्थित माताओं और परिजनों की जिज्ञासाओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने समाधान भी किया। इस अवसर पर रेलवे चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment