पिपराइच (गोरखपुर)। पिपराइच क्षेत्र में 9 वर्षीय मासूम सरस सिंह की निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में जिला कमेटी ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि मासूम की हत्या अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन केवल औपचारिक संवेदनाएं व्यक्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर अपराधियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार की सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि इस मामले में न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो जिला कमेटी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन करेगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर शासन के उच्चतम स्तर तक संघर्ष जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment