वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। घाघरा/सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंडलायुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्यप्रकाश के साथ बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्रेनेज खंड-2 के नियंत्रणाधीन घाघरा/सरयू नदी के बाएं तट पर स्थित मदरहा-बेहराडाड़ी तटबंध के तुरकौलिया स्थित बाढ़ चौकी तथा गायघाट, सियार कला और ढोलबजा में किए जा रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड-2 अजय कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा, तहसीलदार धनघटा, सहायक अभियंता अक्षय कुमार एवं संबंधित जूनियर इंजीनियरों को तटबंध की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के कारण तटबंध पर हुए रेनकट्स को तत्काल भरने तथा किसी भी कमजोर हिस्से पर विशेष नजर रखने को कहा।
मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को बाढ़ क्षेत्रों में एंटीवेनम इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से जानकारी लेने पर बताया गया कि क्लोरीन की गोलियों का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, ढोलबजा में ग्रामीणों द्वारा 15-20 घरों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी दिए जाने पर मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता विद्युत को आगामी तीन दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति बहाल कराकर अवगत कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह सजग रहें। तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय एवं संसाधन पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आर.के. पाण्डेय, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड, सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment