वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय महिला महाविद्यालय खलीलाबाद में प्राचार्य डॉ. आशाराम के मार्गदर्शन में भारत सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान” के अंतर्गत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने गीतों के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे बचाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। छात्राओं ने अपने गीतों के माध्यम से युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण की। विद्यार्थियों ने अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने तथा स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment