<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, August 9, 2026

वर्षों से बिछड़े बुजुर्ग को विधिक सेवा प्राधिकरण ने परिवार से मिलाया




वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संत कबीर नगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संत कबीर नगर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चाईबासा, झारखंड के समन्वित प्रयासों से वर्षों से परिवार से बिछड़े बुजुर्ग फूल देव यादव को उनके परिजनों से मिलाने में सफलता मिली। इस मानवीय पहल ने न्याय के साथ संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संत कबीर नगर की सचिव सुश्री अनन्या साह ने बताया कि बनपुरवा ग्राम निवासी फूल देव यादव किसी कारणवश भटककर चाईबासा पहुंच गए थे। रास्ते में उनके साथ सड़क दुर्घटना भी हुई। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें वृद्धाश्रम, चाईबासा में आश्रय एवं आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चाईबासा ने उनकी पहचान और परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू किए तथा संत कबीर नगर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया। दोनों प्राधिकरणों के समन्वय और सत्यापन के बाद उनके परिजनों की पहचान हुई। सूचना मिलने पर उनके भाई सिद्धनाथ यादव चाईबासा पहुंचे, जहां वर्षों बाद दोनों भाइयों का भावुक मिलन हुआ।

इस कार्य का मार्गदर्शन सचिव सुश्री अनन्या साह एवं चाईबासा के सचिव रवि चौधरी ने किया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह के नेतृत्व में यह प्रयास सफल हुआ। इसमें स्वयंसेविका प्रमिला पात्र, स्वयंसेवक नीरज एवं कार्यालय लिपिक आर. भवन चौधरी का सहयोग रहा।

प्राधिकरण ने अपील की कि कोई बुजुर्ग या असहाय व्यक्ति भटका मिले तो तत्काल विधिक सेवा प्राधिकरण अथवा पुलिस को सूचना दें।

No comments:

Post a Comment

Pages