वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय स्थित यांत्रिक विभाग के ई.एन.एच.एम. अनुभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से रविवार को लेबर कॉलोनी, मोहद्दीपुर में ‘गौरैया संरक्षण, पौधारोपण एवं पौधा वितरण’ अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य कॉलोनी और आसपास के वातावरण को गौरैया सहित अन्य पक्षियों एवं जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल और सुरक्षित बनाना रहा।
अभियान के दौरान कॉलोनी के मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। साथ ही स्थानीय निवासियों को गमले सहित ऐसे पौधे वितरित किए गए, जिन पर गौरैया संरक्षण का संदेश अंकित था। कार्यक्रम में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/ई.एन.एच.एम. अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष (प्राणी विज्ञान) डी.के. सिंह, इंटर कॉलेज भटवली के प्रवक्ता प्रवीण सिंह गौतम तथा लेबर कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य मौजूद रहे।
मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक पौधा वातावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के साथ समय के साथ पक्षियों एवं जीव-जंतुओं को आश्रय और भोजन उपलब्ध कराने में भी सहायक होता है। उन्होंने गौरैया समेत अन्य पक्षियों के संरक्षण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा, अधिक से अधिक पौधारोपण तथा पक्षियों और जीव-जंतुओं के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण सभी का साझा संकल्प होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों से पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल करने, स्वच्छता बनाए रखने और पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का आह्वान किया गया।

No comments:
Post a Comment